CG WEATHER UPDATE रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार और झारखंड के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
CG WEATHER UPDATE मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, वर्तमान में एक मौसमी द्रोणिका पंजाब से पश्चिम बंगाल तक फैली हुई है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश होते हुए विदर्भ तक एक अन्य द्रोणिका बनी हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
राजनांदगांव में बारिश से मिली राहत
CG WEATHER UPDATE पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में सर्वाधिक 2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कापू, रघुनाथनगर, लखनपुर, छुरा, बतौली, सरिया और कुसमी में 1-1 सेंटीमीटर बारिश हुई।
तापमान की बात करें तो राजनांदगांव 44 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार शाम राजनांदगांव में हुई झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।
तेज अंधड़ और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने की चेतावनी जारी की गई है।
विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में वर्षा गतिविधियों में और तेजी आएगी, जिससे प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दायरा बढ़ सकता है।
CG WEATHER UPDATE रायपुर में आज भी 42 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। मौसम विभाग ने शहर में गरज-चमक, बारिश और तेज अंधड़ की संभावना जताई है। रायपुर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि, बारिश की गतिविधियों से लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।