DEHRADUN NEWS: देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि बेटे की चाहत में एक व्यक्ति ने अपनी आठ महीने की गर्भवती पत्नी के साथ बेरहमी की सारी हदें पार कर दीं। महिला के परिजनों का आरोप है कि पति ने पहले उसके पेट पर लात-घूंसों से हमला किया और बाद में करंट लगाकर गर्भ में पल रही बच्ची को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। घटना के बाद गर्भस्थ बच्ची की मौत हो गई, जबकि महिला अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है।
सात साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार विकासनगर क्षेत्र निवासी सीमा की शादी करीब सात वर्ष पहले हरियाणा के पानीपत निवासी बबलू से हुई थी। दंपति की पहले से दो बेटियां हैं। परिजनों का आरोप है कि बेटा न होने की वजह से आरोपी पति अक्सर पत्नी को प्रताड़ित करता था।
लिंग परीक्षण कराने का आरोप
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले आरोपी अपनी पत्नी को हरियाणा लेकर गया, जहां कथित रूप से अवैध तरीके से भ्रूण का लिंग परीक्षण कराया गया। जांच में गर्भ में बेटी होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी नाराज हो गया।
पेट पर हमला और करंट लगाने का आरोप
आरोप है कि इसके बाद पति ने गर्भवती महिला के साथ मारपीट की। उसने पेट पर लात-घूंसों से हमला किया, डंडे से पीटा और करंट लगाकर गर्भ में पल रहे शिशु को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। उस समय महिला आठ महीने की गर्भवती थी।
पिता ने पुलिस को दी सूचना
घटना की जानकारी मिलने पर महिला के पिता अपनी बेटी से मिलने पहुंचे, लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
ऑपरेशन से निकाली गई मृत बच्ची
महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में दून अस्पताल रेफर किया गया। जांच में डॉक्टरों ने गर्भ में पल रहे शिशु की मौत की पुष्टि की। इसके बाद ऑपरेशन कर मृत बच्ची को बाहर निकाला गया। फिलहाल महिला का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
DEHRADUN NEWS: जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।