CG Transfer Breaking रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर अधिकारियों के तबादले किए हैं। विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत कुल 28 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO), सहायक संचालक और प्राचार्य स्तर के अधिकारी शामिल हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
स्कूल शिक्षा विभाग के अवर सचिव द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के अनुसार रायपुर, बिलासपुर, महासमुंद, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी), कोरिया, रायगढ़, गरियाबंद, धमतरी, बलौदाबाजार-भाटापारा, बेमेतरा, बीजापुर, नारायणपुर और बालोद सहित कई जिलों में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। इसके अलावा लोक शिक्षण संचालनालय और संभागीय कार्यालयों में भी अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
स्थानांतरण सूची के प्रमुख नामों में बी.एल. देवांगन को लोक शिक्षण संचालनालय से महासमुंद का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है। वहीं रायपुर के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी रहे हिमांशु भारतीय को लोक शिक्षण संचालनालय में प्रभारी उप संचालक की जिम्मेदारी दी गई है। सहायक संचालक एम.जी. सतीश कुमार को पदोन्नति के साथ रायपुर जिले का नया प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बिलासपुर जिले में रमेश्वर जायसवाल को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा कई विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और सहायक संचालकों को पदोन्नत करते हुए जिला स्तर की जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को संचालनालय एवं संयुक्त संचालक कार्यालयों में स्थानांतरित किया गया है।
स्कूल शिक्षा मंत्री ने इस फैसले को विभागीय कार्यों में तेजी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पुनर्संरचना का उद्देश्य शैक्षणिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जिलों में बेहतर समन्वय और शिक्षा व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाना है। मंत्री ने उम्मीद जताई कि इस बदलाव से राज्य के शिक्षा प्रशासन में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे और विभागीय कार्यों में नई गति आएगी।



