AMBIKAPUR NEWS अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में पीलिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। जानकारी के अनुसार, मैनपाट के ग्राम पंचायत कुनिया, सपनादर, बैगहवा और बरिमा में पिछले 10 दिनों के भीतर पीलिया से कथित तौर पर 5 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में ग्राम कुनिया के उपसरपंच जितेंद्र यादव भी शामिल हैं। वहीं 12 से अधिक लोग अब भी इस बीमारी से पीड़ित हैं, जिनका इलाज अंबिकापुर और रायपुर के निजी अस्पतालों में चल रहा है।
बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग की टीम गांव-गांव पहुंचकर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर रही है और लोगों की जांच की जा रही है। साथ ही पेयजल स्रोतों की गुणवत्ता जांचने के लिए पानी के नमूने भी एकत्र किए गए हैं।
इस मामले में सरगुजा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. पी.एस. मार्को ने बताया कि विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार अब तक पीलिया से 2 मौतों की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि एक मरीज पहले से ही गंभीर पुरानी बीमारी (क्रॉनिक डिजीज) से पीड़ित था, जबकि अन्य दो मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौतों का आंकड़ा वास्तव में 5 है या नहीं।
सीएमएचओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम पीलिया फैलने के कारणों की गहन जांच कर रही है और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। फिलहाल विभाग का दावा है कि स्थिति नियंत्रण में है और आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।