Advertisement Carousel

प्रेम प्रसंग का दुखद अंत: शादीशुदा प्रेमी जोड़े ने खाया जहर, महिला की मौत प्रेमी की हालत गंभीर

RAIPUR NEWS :  राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक प्रेमी जोड़े ने तालाब किनारे जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुरुष की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान शारदा भारती (38) के रूप में हुई है। वहीं गंभीर हालत में मिले पुरुष का नाम शिव कुमार कुर्रे (45) बताया गया है। दोनों शादीशुदा थे और लंबे समय से उनके बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि दोनों के रिश्ते की जानकारी परिवार और आसपास के लोगों को लगने के बाद तनाव की स्थिति बन गई थी। इसी तनाव के चलते दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

जानकारी के मुताबिक जहर सेवन करने के बाद शारदा भारती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शिव कुमार कुर्रे की तबीयत बिगड़ने पर उसने किसी परिचित और राहगीरों से मदद मांगी। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही दोनों की पारिवारिक परिस्थितियों और आत्महत्या के पीछे के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।