CM Vishnu Deo Sai मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के दौरान सूरजपुर, कोरिया और एमसीबी जिलों का औचक दौरा कर सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जनसमस्या निवारण शिविरों में ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
दौरे के बाद मुख्यमंत्री ने चिरमिरी में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली, जिसमें पेयजल संकट, खराब शैक्षणिक परिणाम और खाद वितरण में गड़बड़ी को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। कोरिया जिले में किसानों को खाद वितरण में अनियमितता पाए जाने पर सहायक आयुक्त एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं आयुष प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पेयजल संकट है, वहां टैंकरों के जरिए नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करना कलेक्टरों की जिम्मेदारी होगी। लापरवाही मिलने पर सीधे जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने स्कूलों में पढ़ाई की व्यवस्था सुधारने और बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए।
सीएम साय ने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई और क्लोरीनेशन कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों को गुणवत्ता और समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।
चिरमिरी स्थित एसईसीएल के तानसेन भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक भईया लाल राजवाड़े सहित तीनों जिलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




