Epfo Upi Withdrawal : अब पीएफ के पैसे निकालने के लिए लंबी क्लेम प्रक्रिया और दस्तावेज जमा करने की जरूरत जल्द खत्म हो सकती है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन एक नई सुविधा पर काम कर रहा है, जिसके तहत सदस्य अपने PF की राशि UPI पेमेंट गेटवे के जरिए सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस सिस्टम का परीक्षण पूरा हो चुका है और इसे जल्द ही लागू किया जा सकता है। केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने इस सुविधा की जानकारी साझा की है।
क्लेम प्रोसेस होगा आसान और तेज
फिलहाल PF निकालने के लिए सदस्यों को ऑनलाइन क्लेम फॉर्म भरना पड़ता है और प्रोसेसिंग में कई दिन लगते हैं। लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह प्रक्रिया लगभग रियल टाइम हो जाएगी। सदस्य अपने मोबाइल फोन से कुछ क्लिक करके PF की राशि सीधे अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे।
कैसे काम करेगा नया सिस्टम?
प्रस्तावित सिस्टम के तहत PF खाते का एक हिस्सा सुरक्षित (फ्रीज) रहेगा, जबकि बाकी राशि UPI से जुड़े बैंक अकाउंट में ट्रांसफर की जा सकेगी।
यूजर अपने UPI पिन के जरिए ट्रांजैक्शन को मंजूरी देंगे और पैसा सीधे बैंक खाते में पहुंच जाएगा। इसके बाद इस राशि का उपयोग डिजिटल पेमेंट या एटीएम से कैश निकालने के लिए किया जा सकेगा।
7 करोड़ से अधिक कर्मचारियों को फायदा
इस नई सुविधा से देश के करीब 7 करोड़ से ज्यादा EPFO सदस्यों को लाभ मिलेगा। खासकर आपात स्थिति में तुरंत पैसे की जरूरत होने पर यह सिस्टम काफी मददगार साबित होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, EPFO इस सुविधा को सुचारू रूप से लागू करने के लिए तकनीकी सुधारों पर काम कर रहा है।
Epfo Upi Withdrawal : WhatsApp से भी मिलेंगी EPFO सेवाएं
इसके अलावा, EPFO जून से व्हाट्सएप के जरिए भी कई सेवाएं शुरू करने की तैयारी में है। इसमें PF बैलेंस चेक करना, पिछले ट्रांजैक्शन देखना और अन्य सुविधाएं शामिल हो सकती हैं।




