Advertisement Carousel

IPL सट्टेबाजी रैकेट का खुलासा, भाजपा के पूर्व पार्षद समेत 4 गिरफ्तार

Jhansi Betting Racket Busted झांसी पुलिस ने आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस मामले में भाजपा के पूर्व पार्षद Santosh Shrivas समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को आरोपियों के पास से सट्टेबाजी से जुड़े करीब 1.50 करोड़ रुपये के लेन-देन का हिसाब मिला है।

मुखबिर की सूचना पर बबीना थाना पुलिस ने चंदौली गांव स्थित एक मकान में छापेमारी की। यहां से संतोष श्रीवास, उमेश गुप्ता, आशीष अग्रवाल और सचिन यादव को पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से 3 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, एक टैबलेट, कैलकुलेटर और 10 रजिस्टर बरामद किए। जांच में वेबसाइट पर मौजूद 3.96 लाख रुपये के डिजिटल क्वाइन भी जब्त किए गए।

एसपी सिटी Preeti Singh ने बताया कि ‘ऑपरेशन 720’ के तहत सट्टेबाजों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की सख्ती से बचने के लिए गैंग शहर छोड़कर गांव में छिपकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, इस रैकेट के मुख्य सरगना प्रेम खटीक और निहाल अभी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपी एजेंट के तौर पर काम कर रहे थे और ग्राहकों को जोड़ने के साथ पैसों के लेन-देन की जिम्मेदारी संभालते थे। मकान मालिक को भी इस कारोबार में हिस्सा दिया जाता था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संतोष श्रीवास पर पहले भी सट्टेबाजी से जुड़े मामले दर्ज हैं, जबकि फरार आरोपी प्रेम खटीक पर हत्या के प्रयास और ठगी समेत कई गंभीर केस दर्ज हैं। सभी आरोपियों को पुलिस लग्जरी क्रेटा कार से कोर्ट लेकर पहुंची। मामले की जांच जारी है।