Advertisement Carousel

शादी मंडप में प्रेमी की हत्या, एक्सीडेंट दिखाने रची फिल्मी साजिश

मध्यप्रदेश के बालाघाट में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। जिस शादी के मंडप से दुल्हन की डोली उठनी थी, वहीं से प्रेमी की अर्थी उठ गई। अपनी प्रेमिका को आखिरी बार दुल्हन के रूप में देखने पहुंचे युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना रामपायली थाना क्षेत्र की है। बुधवार को गर्राबोड़ी-मुरझड़ मार्ग पर सड़क किनारे 23 वर्षीय तरुण नगपुरे का शव मिला। पास में उसकी बाइक भी पड़ी थी। शुरुआत में मामला सड़क हादसे का लगा, लेकिन पुलिस जांच में कहानी पूरी तरह बदल गई।
जांच में सामने आया कि तरुण का गांव की ही एक युवती से पिछले छह साल से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार की मर्जी के चलते युवती की शादी 5 मई को किसी और से तय कर दी गई। प्रेमिका को आखिरी बार देखने के लिए तरुण शादी समारोह में पहुंचा था।

पुलिस ने जब शादी की वीडियो रिकॉर्डिंग खंगाली, तो उसमें तरुण पैदल जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद शक गहराया। जांच में पता चला कि युवती ने ही इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप कॉल के जरिए तरुण को शादी में बुलाया था।

शादी में युवती के भाई वेदप्रकाश ने जैसे ही तरुण को देखा, वह भड़क उठा। उसने अपने भाई हरिप्रकाश और दोस्तों योगेश, कमलकिशोर व दिलीप के साथ मिलकर तरुण को स्टेज के पीछे ले जाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर चोटों के कारण तरुण की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपियों ने पूरी वारदात को सड़क हादसा दिखाने के लिए फिल्मी तरीका अपनाया। उन्होंने तरुण के शव को उसकी ही बाइक पर बैठाकर ले गए और चलती बाइक से उसके पैरों को सड़क पर घसीटा, ताकि एक्सीडेंट जैसा लगे। बाद में शव और बाइक को गर्राबोड़ी के पास फेंक दिया गया।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि प्यार में टूट चुके तरुण ने कुछ समय पहले सिर भी मुंडवा लिया था, लेकिन उसे शायद अंदाजा नहीं था कि उसकी प्रेम कहानी का अंत इतना दर्दनाक होगा।