WHATSAPP WEB USERS ALERT. आज के समय में WhatsApp का इस्तेमाल सिर्फ मोबाइल तक सीमित नहीं रह गया है। ऑफिस हो या घर, बड़ी संख्या में लोग कंप्यूटर और लैपटॉप पर WhatsApp Web चलाते हैं। लेकिन क्या आप भी काम खत्म होने के बाद सिर्फ ब्राउजर बंद करके चले जाते हैं? अगर हां, तो आपकी यह छोटी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। इससे आपकी निजी चैट, कॉन्टैक्ट और दूसरी संवेदनशील जानकारियां खतरे में आ सकती हैं।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाली साइबर सुरक्षा एजेंसी ने WhatsApp Web यूजर्स को सतर्क रहने की सलाह दी है। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट के मुताबिक, किसी दूसरे कंप्यूटर पर WhatsApp Web का लॉगिन सेशन एक्टिव रहना साइबर अपराधियों के लिए मौका बन सकता है। ऐसे में जरूरी है कि WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद अकाउंट को सही तरीके से लॉगआउट किया जाए।
WhatsApp Web का लॉगिन सेशन बन सकता है खतरा
I4C की एडवाइजरी के अनुसार, अगर आपका WhatsApp Web किसी दूसरे व्यक्ति के कंप्यूटर पर लॉग इन रह जाता है और उसे उस डिवाइस तक पहुंच मिल जाती है, तो वह आपकी निजी जानकारी का गलत इस्तेमाल कर सकता है।
इसका फायदा उठाकर साइबर अपराधी आपकी निजी चैट पढ़ सकते हैं। इसके अलावा आपके कॉन्टैक्ट, ग्रुप मैसेज और बातचीत से जुड़ी जानकारी भी उनके हाथ लग सकती है।
सबसे बड़ा खतरा आपकी पहचान के गलत इस्तेमाल का है। अपराधी आपके WhatsApp अकाउंट से दोस्तों, रिश्तेदारों और ऑफिस के लोगों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग कर सकते हैं। इतना ही नहीं, आपके नाम से फर्जी लिंक भेजकर दूसरों के साथ भी ऑनलाइन ठगी की जा सकती है।
सिर्फ ब्राउजर बंद करना क्यों नहीं है काफी?
कई लोगों को लगता है कि कंप्यूटर या लैपटॉप से ब्राउजर बंद करते ही WhatsApp Web अपने आप लॉगआउट हो जाता है। लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। ब्राउजर या टैब बंद करने से आपका WhatsApp Web सेशन खत्म नहीं होता।
यही वजह है कि साइबर सुरक्षा एजेंसी ने हर बार इस्तेमाल के बाद मैन्युअली लॉगआउट करने की सलाह दी है। खासकर ऑफिस के साझा कंप्यूटर, साइबर कैफे, होटल या किसी दूसरे व्यक्ति के लैपटॉप पर WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है।
WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय इन 7 बातों का रखें ध्यान
साइबर सुरक्षा एजेंसी ने यूजर्स को ऑनलाइन ठगी और अकाउंट के गलत इस्तेमाल से बचने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है।
- पब्लिक कंप्यूटर से बचें: साइबर कैफे या सार्वजनिक कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन करने से बचें।
- Incognito मोड का करें इस्तेमाल: अगर किसी दूसरे कंप्यूटर पर WhatsApp Web चलाना जरूरी है, तो Incognito या Private Browsing मोड का इस्तेमाल करें।
- हर बार Logout करें: काम पूरा होने के बाद सिर्फ ब्राउजर बंद न करें, बल्कि WhatsApp Web से मैन्युअली लॉगआउट जरूर करें।
- संवेदनशील जानकारी शेयर न करें: WhatsApp Web पर बैंकिंग, सरकारी दस्तावेजों या निजी जानकारियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा करने से बचें।
- अकाउंट की गतिविधियों पर नजर रखें: अगर आपके अकाउंट से कोई ऐसा मैसेज भेजा गया है, जिसे आपने नहीं भेजा, तो तुरंत सतर्क हो जाएं।
- सॉफ्टवेयर अपडेट रखें: कंप्यूटर, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर को समय-समय पर अपडेट करते रहें।
- संदिग्ध फाइल से रहें दूर: अनजान फाइल, संदिग्ध डाउनलोड और क्रैक सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करने से बचें।
WhatsApp अकाउंट को सुरक्षित रखने के लिए तुरंत करें ये काम
अगर आपको संदेह है कि आपका WhatsApp किसी दूसरे कंप्यूटर पर लॉग इन रह गया है, तो अपने मोबाइल में WhatsApp खोलें। इसके बाद Linked Devices सेक्शन में जाकर लॉग इन डिवाइस की जानकारी देखें।
अगर कोई अनजान डिवाइस दिखाई देता है या ऐसा कंप्यूटर नजर आता है, जिसका अब आप इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, तो उस डिवाइस को चुनकर Log Out कर दें।
याद रखें, डिजिटल दुनिया में छोटी सी लापरवाही भी आपकी निजी जानकारी को खतरे में डाल सकती है। इसलिए WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद लॉगआउट करना अपनी आदत बनाएं। थोड़ी सी सतर्कता आपको साइबर ठगी और अकाउंट के गलत इस्तेमाल से बचा सकती है।