TAMIL NADU NEWS. तमिलनाडु में शादी करने वाली महिलाओं के लिए राज्य की विजय सरकार ने बड़ी घोषणा की है। सरकार की महत्वाकांक्षी अन्नन सीर योजना के तहत पात्र दुल्हनों को 8 ग्राम सोने का सिक्का और एक रेशमी साड़ी उपहार के रूप में दी जाएगी। सामाजिक कल्याण एवं महिला सशक्तीकरण विभाग ने मंगलवार को इस योजना के लिए पात्रता मानदंड और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ा सरकारी आदेश जारी कर दिया है।
सरकार ने इस योजना को लागू करने के लिए पहले ही 812 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। अन्नन सीर का अर्थ है बड़े भाई का उपहार। तमिल परंपरा में शादी के दौरान दुल्हन को उसके भाई की ओर से उपहार दिए जाते हैं। इसी परंपरा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने इस योजना की शुरुआत की है।
कब और कैसे कर सकते हैं आवेदन?
सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, योजना के लिए शादी की तारीख से 60 दिन पहले से लेकर विवाह के दिन तक आवेदन किया जा सकता है।
जिन महिलाओं की शादी 5 अक्टूबर 2026 से 15 जनवरी 2027 के बीच निर्धारित है, वे 15 जनवरी 2027 तक आवेदन कर सकती हैं।
आवेदन करने के लिए दो विकल्प दिए गए हैं।
-
अपने नजदीकी सरकारी ई-सेवई (e-Sevai) केंद्र पर जाकर आवेदन करें।
-
आधिकारिक वेबसाइट tnesevai.tn.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करें।
अन्नन सीर योजना के लिए क्या है पात्रता?
इस योजना का लाभ उठाने के लिए सरकार ने कुछ जरूरी शर्तें निर्धारित की हैं। इन शर्तों को पूरा करने वाली दुल्हन ही योजना के लिए आवेदन कर सकेगी।
-
शादी के समय दूल्हा और दुल्हन दोनों की उम्र कानूनी विवाह की न्यूनतम आयु के अनुसार होनी चाहिए।
-
दुल्हन का नाम सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत जारी वैध और सक्रिय राशन कार्ड में होना चाहिए।
-
दुल्हन के परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
-
आवेदक को सरकारी आदेश में निर्धारित आर्थिक और अन्य पात्रता शर्तों को पूरा करना होगा।
इन परिवारों को नहीं मिलेगा योजना का लाभ
सरकार ने योजना में अपात्रता के नियम भी स्पष्ट कर दिए हैं। जिन परिवारों की आर्थिक स्थिति निर्धारित सीमा से अधिक है या जो कुछ विशेष श्रेणियों में आते हैं, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
इन परिवारों को योजना से बाहर रखा गया है:
-
जिन परिवारों की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से अधिक है और वे आयकर रिटर्न दाखिल करते हैं।
-
जिन परिवारों की आय निर्धारित सीमा से अधिक है और वे प्रोफेशनल टैक्स का भुगतान करते हैं।
-
जिनके पास निजी इस्तेमाल के लिए चार पहिया वाहन है।
-
जिनके पास 5 एकड़ से अधिक सिंचित या 10 एकड़ से अधिक असिंचित कृषि भूमि है।
-
जिनके घर की सालाना बिजली खपत 3,600 यूनिट से अधिक है।
-
सरकारी विभागों और संस्थानों में कार्यरत कर्मचारी या पेंशनभोगी परिवार।
-
निर्धारित सीमा से अधिक वार्षिक कारोबार करने वाले व्यक्ति और व्यावसायिक इकाइयां।
-
50 लाख रुपये तक का कारोबार करने वाले ऐसे कारोबारी, जो GST भुगतान के लिए उत्तरदायी हैं।
-
वे परिवार जिन्हें पहले ही किसी अन्य विभाग या बोर्ड की विवाह सहायता योजना का लाभ मिल चुका है।
आधार और राशन कार्ड से होगी पात्रता की जांच
अन्नन सीर योजना में आवेदन करने वालों की पात्रता की जांच आधार नंबर और परिवार के राशन कार्ड नंबर के आधार पर की जाएगी।
आवेदन के दौरान पात्र आवेदकों को शादी का निमंत्रण पत्र ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके बाद संबंधित विभाग की ओर से दस्तावेजों और पात्रता का सत्यापन किया जाएगा।
सत्यापन पूरा होने पर प्रत्येक पात्र आवेदन को एक यूनिक आईडी दी जाएगी। आवेदन की स्थिति की जानकारी आवेदकों को SMS, WhatsApp और ईमेल के जरिए मिलती रहेगी।
शादी के 15 दिनों के भीतर कराना होगा रजिस्ट्रेशन
योजना का लाभ लेने वाली महिलाओं के लिए एक और महत्वपूर्ण शर्त रखी गई है। लाभार्थियों को शादी के 15 दिनों के भीतर तमिलनाडु में अपने विवाह का आधिकारिक पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। ऐसा नहीं करने पर योजना के निर्धारित नियमों के तहत लाभ मिलने में परेशानी हो सकती है।
आवेदन रिजेक्ट होने पर मिलेगा अपील का मौका
सरकार ने आवेदन अस्वीकार होने की स्थिति में भी आवेदकों को राहत दी है। यदि किसी महिला का आवेदन पात्रता की शर्तें पूरी नहीं करने के कारण खारिज किया जाता है, तो उसे अस्वीकृति का स्पष्ट कारण बताया जाएगा। इसके साथ ही अस्वीकृत आवेदन के खिलाफ अपील करने का अवसर भी दिया जाएगा।कुल मिलाकर, अन्नन सीर योजना के जरिए तमिलनाडु सरकार शादी करने वाली आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक सहायता देने की तैयारी में है। पात्र महिलाओं को इस योजना के तहत 8 ग्राम सोने का सिक्का और रेशमी साड़ी मिलेगी।