SURGUJA NEWS अंबिकापुर। सरगुजा जिले में झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक कथित बाबा को गांधीनगर पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमित गोस्वामी के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का निवासी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार आरोपी खुद को बाबा बताकर कॉलोनियों में घूमता था और लोगों की परेशानियां बताकर झाड़-फूंक के नाम पर उन्हें अपने झांसे में लेता था। इस दौरान वह लोगों से पैसे और मोबाइल फोन की मांग भी करता था।
आरोप है कि आरोपी एक युवती के घर पहुंचा और झाड़-फूंक के जरिए बेहतर शिक्षा तथा नौकरी दिलाने का लालच दिया। इसके बाद उसने युवती की मां को एक मुट्ठी चावल देकर मंदिर भेज दिया। वहीं घर पर मौजूद युवती की बहन को भी किसी बहाने कमरे से बाहर कर दिया।
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने उसे स्नान करने के लिए कहा और फिर घर में अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने गांधीनगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने पीड़िता द्वारा बताए गए हुलिए और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
SURGUJA NEWS
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।