शराब के नशे में गाली-गलौज करना पड़ा भारी! चाचा-भतीजे ने राजमिस्त्री को पीट-पीटकर उतार दिया मौत के घाट
SURGUJA NEWS. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में शराब के नशे में शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया। लखनपुर थाना क्षेत्र में राजमिस्त्री की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, चाचा-भतीजे ने मिलकर राजमिस्त्री पर लात-घूंसों से हमला किया और बाद में छैनी से वार कर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामला लखनपुर थाना क्षेत्र के रजपुरीकला टिकरापारा का है, जहां राजमिस्त्री आनंद राम चौधरी की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में मुकेश चौधरी और धर्मेंद्र चौधरी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी आपस में चाचा-भतीजे हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने हत्या की वारदात कबूल की है।
शराब पीने के बाद शुरू हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक आनंद राम चौधरी शराब के नशे में आरोपियों के घर पहुंचा था। वहां शराब पीने के बाद उसने पेशाब कर दिया और आरोपियों की बुआ से विवाद करने लगा। बुआ के कहने पर आरोपियों ने उसे घर से बाहर जाने के लिए कहा।बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद जब चाचा-भतीजे घर लौटे, तो मृतक फिर शराब के नशे में गाली-गलौज करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों आरोपी नाराज हो गए और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
पहले लात-घूंसों से पीटा, फिर छैनी से किया हमला
पुलिस के मुताबिक, गाली-गलौज से नाराज होकर मुकेश चौधरी और धर्मेंद्र चौधरी ने आनंद राम चौधरी के साथ मारपीट शुरू कर दी। दोनों ने उसे लात-घूंसों से जमकर पीटा। इस दौरान मृतक ने जान बचाने के लिए घर से बाहर भागने की कोशिश की, लेकिन नशे की हालत में गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने उस पर छैनी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण आनंद राम चौधरी की मौत हो गई।
वारदात के बाद फरार हुए आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
हत्या के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संदेह के आधार पर दोनों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदात में शामिल होने की बात कबूल की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।