सारंगढ़: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बरमकेला मार्ग पर सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। माधोपाली के पास स्थित लात नाला में तेज बहाव के बीच पुल पार करने की कोशिश कर रही एक कार पानी की तेज धारा में बह गई। वाहन में सवार पति-पत्नी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
तेज बहाव में बही कार
जानकारी के मुताबिक, कार में घोटला स्थित देव ट्रेडर्स के संचालक देवनारायण पटेल अपनी पत्नी के साथ सवार थे। घटना के समय लात नाला उफान पर था और पानी का बहाव काफी तेज था। इसके बावजूद कार चालक ने पुल पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर तेज धारा में बह गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, गोताखोरों की मदद से तलाश
घटना की सूचना मिलते ही सारंगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। लापता दंपती की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
SARANGARH NEWS: प्रशासन की लोगों से अपील
हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से बारिश के मौसम में उफनते नालों, पुलों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि तेज बहाव के दौरान पुल पार करने का जोखिम न उठाएं, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और लापता दंपती की तलाश जारी है।