SAKTI NEWS. छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में इलाज के नाम पर महिला के साथ अश्लील हरकत करने का गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक झोलाछाप डॉक्टर पर आरोप है कि उसने सिरदर्द और पेट दर्द का इलाज कराने पहुंची महिला के साथ गलत हरकत की। आरोपी ने पहले महिला के पति को बाहर इंतजार करने के लिए कहा और फिर जांच के बहाने उसके प्राइवेट पार्ट को गलत नीयत से छुआ।
मामला सामने आने के बाद पीड़िता ने बाराद्वार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायत मिलने के महज 8 घंटे के भीतर आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पति के साथ इलाज कराने पहुंची थी महिला
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान प्रदीप देवांगन (45) के रूप में हुई है। वह सक्ती जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र के रायपुरा गांव में अपने घर पर ही क्लीनिक चलाता था। पीड़िता 27 अक्टूबर की सुबह से सिरदर्द की समस्या से परेशान थी। उसने इसकी जानकारी अपने पति को दी। इसके बाद शाम करीब 7 बजे पति उसे इलाज के लिए प्रदीप देवांगन के क्लीनिक लेकर पहुंचा।
जांच के बहाने की अश्लील हरकत
महिला का आरोप है कि क्लीनिक पहुंचने पर डॉक्टर ने उसके पति को पर्दे की आड़ में बाहर बैठने के लिए कहा। इसके बाद आरोपी ने महिला के सिरदर्द का कारण गैस बताया और पेट की जांच करने के नाम पर उसे टेबल पर लेटने के लिए कहा। आरोप है कि जांच के दौरान डॉक्टर ने गलत नीयत से महिला के प्राइवेट पार्ट को छुआ। आरोपी की इस हरकत से महिला परेशान हो गई और उसने तुरंत अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद महिला और उसके पति ने पुलिस थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के 8 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
पीड़िता ने 28 अक्टूबर को बाराद्वार थाने में लिखित शिकायत दी थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 407/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2) और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत केस दर्ज किया। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए शिकायत दर्ज होने के करीब 8 घंटे के भीतर आरोपी प्रदीप देवांगन को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।