सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र से शादी के नाम पर कथित ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। महुआखेड़ा पेगवार गांव में एक नवविवाहिता शादी के महज तीन दिन बाद ही घर से नकदी और लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार हो गई। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि शादी कराने वाले एक दलाल ने उससे 1.20 लाख रुपये लेकर यह रिश्ता तय कराया था। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली पत्नी की मौत के बाद कराई थी दूसरी शादी
पीड़ित नोनीराम पटेल ने पुलिस को बताया कि पहली पत्नी के निधन के बाद वह दोबारा विवाह करना चाहते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात कंदेला निवासी रामनारायण दुबे से हुई। उसने छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले की रहने वाली रुक्मणी चतुर्वेदी से शादी कराने का भरोसा दिलाया और इसके बदले 1 लाख 20 हजार रुपये लिए। 19 जून को दोनों की कोर्ट मैरिज कराई गई, जबकि अगले दिन मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न हुआ।
तीसरे दिन नकदी और जेवर लेकर हुई फरार
पीड़ित के अनुसार, शादी के दौरान रुक्मणी के साथ ओडिशा निवासी अरविंद विभार भी मौजूद था, जिसे उसने अपना जीजा बताया था। शादी के तीसरे दिन, 21 जून की रात, रुक्मणी घर से 30 हजार रुपये नकद, करीब आधा किलो चांदी की करधोनी, लगभग 250 ग्राम चांदी की पायल और मंगलसूत्र लेकर फरार हो गई। सुबह परिजनों को उसके गायब होने की जानकारी मिली।
पुलिस जांच में जुटी
ग्रामीणों ने बताया कि घटना वाली रात एक कार गांव में आई थी। फोटो दिखाने पर ग्रामीणों ने कार में मौजूद युवक की पहचान शादी में आए अरविंद विभार के रूप में की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल शादी कराने वाले बिचौलिए से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार महिला और उसके कथित सहयोगी की तलाश जारी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।