ROHTAS NEWS. कहते हैं शादी के बाद पति-पत्नी एक-दूसरे के सपनों और मुश्किलों में साथ खड़े रहते हैं। बिहार के रोहतास से ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां पति का दावा है कि उसने पत्नी के सरकारी नौकरी के सपने को पूरा करने के लिए हर संभव मदद की। पढ़ाई और कोचिंग का खर्च उठाने से लेकर परीक्षा दिलाने तक वह पत्नी के साथ रहा। पत्नी का चयन बिहार पुलिस में कांस्टेबल के पद पर हुआ, लेकिन अब पति ने आरोप लगाया है कि नौकरी लगने के बाद पत्नी के व्यवहार में बदलाव आ गया और वह एक युवक के साथ घर छोड़कर चली गई।
मामला डालमियानगर थाना क्षेत्र के प्रयाग बिगहा का है। यहां रहने वाले अजय कुमार सिंह ने अपनी पत्नी अर्चना भारती पर विवेक कुमार नाम के युवक के साथ घर छोड़कर जाने का आरोप लगाया है। मामला पुलिस और एसपी कार्यालय तक पहुंच चुका है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद पत्नी ने कहा- पढ़ना है, पति ने दिया साथ
अर्चना कुमारी की शादी 26 जनवरी 2025 को डालमियानगर के प्रयाग बिगहा निवासी अजय कुमार सिंह से हुई थी। शादी के बाद अर्चना ने आगे पढ़ाई करने और सरकारी नौकरी हासिल करने की इच्छा जताई। अजय का कहना है कि उसने पत्नी के इस सपने को अपना सपना समझ लिया। वह डालमियानगर नगर परिषद में प्राइवेट नौकरी करता था और अपनी कमाई से पत्नी की पढ़ाई व कोचिंग का खर्च उठाता रहा। परीक्षा के दौरान भी वह पत्नी को अलग-अलग शहरों में परीक्षा दिलाने लेकर गया।
मेहनत रंग लाई, बिहार पुलिस में हुआ चयन
अर्चना का चयन आखिरकार बिहार पुलिस में कांस्टेबल के पद पर हो गया। इसके बाद उसे प्रशिक्षण के लिए दरभंगा भेजा गया। परिवार में खुशी का माहौल था। पति के मुताबिक, पत्नी के सरकारी नौकरी पाने के सपने को पूरा करने में उसने हर स्तर पर उसका साथ दिया था। हालांकि, अजय का आरोप है कि ट्रेनिंग और नौकरी के बाद पत्नी के व्यवहार में धीरे-धीरे बदलाव आने लगा।
नौकरी के बाद बातचीत कम होने का आरोप
पति के मुताबिक, प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अर्चना की पोस्टिंग बेगूसराय में हुई। नौकरी ज्वाइन करने के बाद दोनों के बीच बातचीत कम होने लगी। जुलाई में अर्चना छुट्टी लेकर ससुराल आई थी। इसी दौरान पति ने उसके मोबाइल में विवेक कुमार नाम के युवक के साथ वॉट्सऐप चैट देखने का दावा किया। अजय के अनुसार, विवेक डेहरी के गांधी नगर का रहने वाला है और दोनों के बीच पहले से संबंध थे।
पहले भी चैट को लेकर हुआ था विवाद
अजय का आरोप है कि परिवार को पहले भी दोनों के बीच मोबाइल चैट की जानकारी मिली थी। उस समय परिजनों ने दोनों को समझाया था और मामला शांत हो गया था। हालांकि, पति का दावा है कि इसके बाद भी दोनों के बीच संपर्क जारी रहा। जुलाई में एक बार फिर मोबाइल चैट को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। अजय के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को अर्चना घर छोड़कर चली गई। पति ने यह भी आरोप लगाया है कि वह जाते समय शादी के आभूषण और नकदी अपने साथ ले गई।
थाने के बाद एसपी कार्यालय पहुंचा मामला
पत्नी के घर छोड़ने के बाद अजय ने डालमियानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने पत्नी और कथित प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अजय की भाभी रीना देवी ने भी मामले में शिकायत दी। इसके बाद अजय ने रोहतास एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। मामले में अर्चना की मां शकुंतला देवी के बयान की भी चर्चा है। बताया गया कि वह भी एसपी कार्यालय पहुंचीं और बेटी के मामले की जानकारी दी। उन्होंने बेटी के कदम पर नाराजगी जताते हुए कथित प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और अपने दामाद का समर्थन किया।
पति ने गर्भपात का भी किया दावा
अजय ने अपने बयान में यह भी बताया कि शादी के बाद अर्चना दो बार गर्भवती हुई थी, लेकिन दोनों बार गर्भपात हो गया। पति का कहना है कि इसके बावजूद उसने पत्नी की पढ़ाई और करियर में उसका साथ देना जारी रखा।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में रोहतास एसपी मिस्टर राज ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।