Advertisement Carousel

Rajnandgaon Road Accident : राजनांदगांव में मौत का तांडव, तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को रौंदा, दो युवकों की मौके पर मौत

Rajnandgaon Road Accident :  छुरिया। दामाबंजारी में रविवार को भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार मालवाहक ने बाइक को सामने से जोरदार ठोकर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की हालत नाजुक है, जिसका उपचार मेडिकल कालेज अस्पताल राजनांदगांव में चल रहा है।

Rajnandgaon Road Accident :

घटना दोपहर 12.30 की आसपास की है। ग्राम भुकर्रा निवासी 26 वर्षीय तामेश्वरी साहू, 27 वर्षीय टिकेंद्र निषाद और 23 वर्षीय ललित निषाद एक ही बाइक से महाराष्ट्र काकोड़ी गए थे। तीनों वापस लौट रहे थे इसी दौरान काकोड़ी की ओर जा रही महाराष्ट्र नंबर की तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सामने से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे में तामेश्वर साहू और टिकेंद्र निषाद के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं ललित निषाद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायल ललित निषाद को छुरिया अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डाक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

तामेश्वर की शादी की चल रही थी तैयारी

Rajnandgaon Road Accident :  ग्रामीणों ने बताया कि टिकेंद्र निषाद विवाहित था और उसकी एक छोटी बच्ची भी है, जबकि तामेश्वर साहू की अभी शादी नहीं हुई थी। दोनों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर छुरिया पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे में भकुर्रा गांव के दो युवकों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। गांव में हर तरफ शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है, जबकि मृतकों के परिवार गहरे सदमे में हैं।

बाइक सवार नहीं लगाए थे हेलमेट

बाइक सवार तीनों युवक सिर पर हेलमेट नहीं लगाए थे। ग्रामीणों ने बताया कि आगे निकलने के चक्कर में ओवरटेक करते हुए आगे बढ़ रहे थे, तभी मोड़ के पास मालवाहक से सीधे जा भीड़े। मोटर साइकिल की रफ्तार अधिक थी। बता दें कि मृत दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोट आइ थी, यदि हेलमेट लगाए होते तो जान बचने की संभावना थी। पुलिस ने मालवाहक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Rajnandgaon Road Accident :  बाइक सवार युवक मालवाहक से जा भिड़े। दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई है। वहीं तीसरा युवक गंभीर है, जिसे रेफर कर दिया गया है। मालवाहक चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है- कौशलेंद्र देवांगन, थाना प्रभारी छुरिया।