गहरी नींद में थे यात्री, तभी ट्रेलर से टकराई बस… जिंदा जले यात्री, 8 की मौत, 20 से ज्यादा घायल..
Rajasthan Bus Accident राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक प्राइवेट बस कोलवा थाना क्षेत्र के रेस्ट एरिया के पास एक ट्रेलर से टकराकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है।
Rajasthan Bus Accident हादसा सुबह करीब 2:30 बजे हुआ। बस खाई में गिरते ही उसके पिछले हिस्से में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अधिकांश यात्री उस समय गहरी नींद में थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऊपरी बर्थ पर सो रहे यात्री नीचे गिर पड़े और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही कोलवा थाना पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कई यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अन्य चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक छह यात्रियों की मौत आग में झुलसने से, जबकि दो की सिर में गंभीर चोट लगने से हुई।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू और फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का दावा है कि बस के स्टोरेज बॉक्स में रखे सिगरेट के पैकेटों के कारण आग तेजी से फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया और अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेंद्र फौजदार, पुलिस उपाधीक्षक धर्मेंद्र कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और राहत कार्यों की समीक्षा की।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।