Raipur T20I Pitch Report: इन दिनों भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज की धूम है. 5 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला 23 जनवरी यानी आज रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच के लिए टॉस शाम 6:30 बजे होगा, जबकि लाइव एक्शन 7 बजे से शुरू होगा. भारत ने पहले मैच में 48 रनों से जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. पहले मुकाबले में जीत के हीरो अभिषेक शर्मा थे, जिन्होंने 35 गेंदों पर 8 छक्के और 5 चौकों की मदद से 84 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी. उस मैच में भारत ने 238 रन बनाए थे और न्यूजीलैंड भी 190 तक पहुंच गई थी. मतलब साफ है कि नागपुर में रनों की बारिश हुई थी. अब सवाल ये है कि क्या रायपुर में भी रनों की सुनामी आएगी या फिर गेंदबाजों का जलवा देखने को मिलेगा. आइए जानते हैं पिच रिपोर्ट क्या कह रही है.
रायपुर की पिच रिपोर्ट कैसी है?
Raipur T20I Pitch Report: रायपुर के मैदान शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम पर ज्यादा इंटरनेशनल मैच नहीं खेले गए हैं. इस मैदान का इतिहास बताता है कि यहां रनों की बारिश होती है. पिच सपाट रहती है, जिससे चौके-छक्के लगते हैं. गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिलती और विकेट निकालने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ती है. इसके लिए गेंदबाजों को वेरिएशन ट्राई करने होंगे. जो भी टीम टॉस जीतेगी, वह पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी, क्योंकि दूसरी पारी में ओस आने की पूरी संभावना है, जिससे रन बनाना और आसान हो जाता है. कुल मिलाकर गेंदबाजों की हालत खराब हो सकती है और इस मैदान पर एक बड़ा स्कोर देखने को मिल सकता है.




