RAIPUR NEWS: रायपुर। राजधानी रायपुर के धरसीवां थाना क्षेत्र स्थित कुंबरगढ़ के प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर परिसर की प्राचीन बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही धरसीवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खेलते-खेलते बावड़ी में गिरे दोनों बच्चे
पुलिस के मुताबिक, मृत बच्चों की पहचान साक्षी साहू (7 वर्ष) और श्रवण धीवर (4 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों धरसीवां विकासखंड के कुर्रा गांव के रहने वाले थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह दोनों बच्चे मंदिर परिसर के आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान वे प्राचीन बावड़ी के पास पहुंच गए और संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में गिर गए।
ग्रामीणों और पुलिस ने निकाले शव
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने बच्चों की तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों बच्चों को बावड़ी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से हादसे की आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर परिसर की यह प्राचीन बावड़ी काफी गहरी है। इसके चारों ओर सुरक्षा घेराबंदी या चेतावनी संकेत नहीं होने के कारण यहां हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
RAIPUR NEWS:घेराबंदी और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग
धरसीवां थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्राचीन बावड़ी के चारों ओर मजबूत घेराबंदी कराई जाए और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।