RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के एक परिवार के लिए बीते दो दिन किसी बुरे सपने से कम नहीं रहे। परिवार की तीन सगी मासूम बेटियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों की तबीयत खाना खाने के बाद अचानक बिगड़ी थी। उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत हुई और हालत तेजी से गंभीर होती चली गई। परिवार मूल रूप से छत्तीसगढ़ के रायपुर का रहने वाला बताया जा रहा है और फिलहाल मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के बेटमा क्षेत्र में रह रहा था। बच्चियों के पिता नरेंद्र सिंह निजी कंपनी में नौकरी करते हैं।
पहले दो बेटियों ने अस्पताल में तोड़ा दम
परिजनों के मुताबिक, करीब दो दिन पहले रात में परिवार ने दाल, चावल, रोटी और सब्जी खाई थी। खाना खाने के कुछ समय बाद तीनों बच्चियों की तबीयत खराब होने लगी। उन्हें उल्टी-दस्त होने लगे और देखते ही देखते हालत गंभीर हो गई। परिजन बच्चियों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान 8 वर्षीय विशुका और 6 वर्षीय विधि की मौत हो गई। दो बेटियों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजन दोनों बच्चियों के शव एंबुलेंस से अपने पैतृक स्थान छत्तीसगढ़ ले जाने के लिए रवाना हुए थे। परिवार का इरादा गांव पहुंचकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने का था।
रास्ते में तीसरी बेटी की भी बिगड़ी हालत
दो बच्चियों के शव लेकर परिवार जब इंदौर से छत्तीसगढ़ की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में उनकी 10 वर्षीय बेटी आशी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल सुखतवा स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। बच्ची की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे इटारसी रेफर कर दिया। इसके बाद आशी को इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने करीब एक घंटे तक उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी भी मौत हो गई। इस तरह महज दो दिनों के भीतर एक ही परिवार की तीन सगी बेटियों की जान चली गई।
फूड पॉइजनिंग की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
प्रारंभिक जांच में तीनों बच्चियों की मौत के पीछे फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। इसकी वजह खाना खाने के बाद तीनों की तबीयत एक साथ बिगड़ना और उल्टी-दस्त होना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि अभी मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं हुई है।
इटारसी थाना प्रभारी सौरभ पांडे के अनुसार, घटना की शुरुआत इंदौर के बेटमा थाना क्षेत्र से हुई है। इटारसी पुलिस ने फिलहाल शून्य पर मर्ग कायम कर प्राथमिक जांच शुरू की है। केस डायरी संबंधित बेटमा थाने भेजी जाएगी। पुलिस ने तीनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जरूरत पड़ने पर बिसरा जांच भी कराई जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
RAIPUR NEWS: छत्तीसगढ़ के परिवार में मातम
तीनों बच्चियों की एक के बाद एक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। जिन बेटियों को परिजन एक साथ छत्तीसगढ़ लेकर लौट रहे थे, उन्हीं में से तीसरी बेटी ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना ने परिवार के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि खाना खाने के बाद तीनों बच्चियों की तबीयत अचानक बिगड़ी और उनकी जान चली गई।