नई दिल्ली/रायपुर। केंद्रीय GST अधीक्षकों ने अपनी लंबे समय से लंबित सेवा संबंधी मांगों और करियर में पदोन्नति के अवसरों की कमी को लेकर राष्ट्रव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ सुपरिंटेंडेंट्स ऑफ सेंट्रल टैक्स (AIASCT) के आह्वान पर 23 से 27 नवंबर 2026 तक देशभर के केंद्रीय GST अधीक्षक काला बैज पहनकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराएंगे।
एसोसिएशन की ओर से 21 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, अधिकारियों में लंबे समय से करियर में प्रगति नहीं होने और सेवा संबंधी मांगों के लंबित रहने को लेकर नाराजगी है। संगठन का कहना है कि लगभग तीन दशक की समर्पित सेवा के बाद भी कई अधिकारियों को केवल एक पदोन्नति के साथ सेवानिवृत्त होना पड़ रहा है।
ये हैं प्रमुख मांगें
1. अखिल भारतीय वरिष्ठता सूची (AISLs) को तत्काल अंतिम रूप दिया जाए।
2. विभागीय पदोन्नति समितियों (DPCs) को सशक्त बनाया जाए।
3. कैडर पुनर्गठन कर अंदरूनी असमानताओं को दूर किया जाए।
4. तदर्थ पदोन्नतियों का नियमितीकरण किया जाए।
5. लंबे समय से लंबित अन्य सेवा संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाए।
एसोसिएशन ने बताया कि यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है। 23 से 27 नवंबर तक काला बैज पहनकर अधिकारी अपनी मांगों के प्रति शांतिपूर्ण विरोध और सामूहिक एकजुटता प्रदर्शित करेंगे।
इस आंदोलन को ऑल इंडिया सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर्स एसोसिएशन (AICEIA) का भी समर्थन मिला है। इसके अलावा केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क राजस्व सेवा संघ (CIRSA) ने भी आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है।
एसोसिएशन ने संबंधित अधिकारियों से लंबित मांगों पर तत्काल ठोस और समयबद्ध कार्रवाई करने की अपील की है।