RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए खेल अकादमियों में प्रवेश पाने का मौका है। राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से रायपुर जिले में संचालित गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रवेश और प्रवेश नवीनीकरण के लिए 23 और 24 सितंबर को चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इन ट्रायल में तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी और एथलेटिक्स के खिलाड़ी शामिल हो सकेंगे। इच्छुक खिलाड़ियों को निर्धारित समय पर पहुंचकर पंजीयन और चयन प्रक्रिया में शामिल होना होगा।
23 सितंबर को तीरंदाजी और फुटबॉल का ट्रायल
विभाग के अनुसार, 23 सितंबर को गैर-आवासीय बालक-बालिका तीरंदाजी और बालिका फुटबॉल के लिए चयन ट्रायल आयोजित होगा। खिलाड़ियों का पंजीयन सुबह 7 बजे से 11 बजे तक किया जाएगा। तीरंदाजी और फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए पंजीयन, दस्तावेज परीक्षण, चिकित्सकीय परीक्षण, शारीरिक दक्षता परीक्षण और खेल कौशल परीक्षण स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा और तीरंदाजी एरिना, रायपुर में होगा।
24 सितंबर को हॉकी और एथलेटिक्स का चयन
वहीं, 24 सितंबर को गैर-आवासीय बालक-बालिका हॉकी और एथलेटिक्स खिलाड़ियों के लिए चयन ट्रायल होगा। यह प्रक्रिया स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा और सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-02 में सुबह 7 बजे से शुरू होगी। इस दिन भी खिलाड़ियों के पंजीयन के साथ दस्तावेज परीक्षण, मेडिकल टेस्ट, शारीरिक दक्षता और खेल कौशल का परीक्षण किया जाएगा।
13 से 17 साल के खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा
चयन ट्रायल में छत्तीसगढ़ के बालक-बालिका खिलाड़ियों के साथ अन्य राज्यों के 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भी भाग ले सकते हैं। विभाग ने चयन प्रक्रिया में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य किया है।
ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी
चयन ट्रायल में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों को निम्न दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे:
- आधार कार्ड
- निवास प्रमाण पत्र
- जन्म प्रमाण पत्र
- जन्मतिथि का उल्लेख वाली प्रमाणित अंकसूची
दस्तावेज परीक्षण के दौरान उम्र और अन्य जरूरी जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।
प्रदर्शन के आधार पर होगा खिलाड़ियों का चयन
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मुताबिक खिलाड़ियों का अंतिम चयन चयन समिति द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। चयन प्रक्रिया खेल कौशल और शारीरिक दक्षता समेत निर्धारित मानकों के आधार पर पूरी होगी। खेल अकादमी संचालन नियम, 2014 के तहत अंतिम रूप से चयनित खिलाड़ियों को शासन की ओर से कई सुविधाएं दी जाएंगी। इनमें निःशुल्क प्रशिक्षण, खेल परिधान, प्लेइंग किट, बीमा और छात्रवृत्ति जैसी सुविधाएं शामिल हैं।