RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देर रात आगजनी की अलग-अलग घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। डूमरतराई अनाज मंडी से लेकर बुढ़ापारा, शंकर नगर और रायपुरा तक आग की घटनाएं सामने आईं। कहीं तीन दुकानें आग की चपेट में आ गईं, तो कहीं होम डेकोर शॉप, इलेक्ट्रिक व्हीकल की दुकान और खड़ी स्कॉर्पियो में आग लग गई। इन घटनाओं में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि दमकल, एसडीआरएफ और निजी प्लांट की करीब 10 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
डूमरतराई अनाज मंडी में तीन दुकानें जलकर खाक
आगजनी की सबसे बड़ी घटना डूमरतराई अनाज मंडी में हुई। यहां बी-164, बी-165 और बी-166 नंबर की तीन दुकानों में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में दीपक ट्रेडर्स, व्यंकटेश इंटरप्राइजेज और जयराम स्टेशनरी की दुकानें आ गईं। तीनों दुकानों में स्टेशनरी और कन्फेक्शनरी का सामान रखा हुआ था, जो आग की वजह से भारी नुकसान की चपेट में आया।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, आग के दौरान दुकानों के अंदर कई बार जोरदार धमाके भी सुनाई दिए, जिससे आसपास के व्यापारियों और लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, एसडीआरएफ और निजी प्लांट की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। माना थाना पुलिस घटना की जांच कर रही है।
बुढ़ापारा में खड़ी स्कॉर्पियो में लगी आग
दूसरी घटना बुढ़ापारा गार्डन के पास हुई, जहां खड़ी एक स्कॉर्पियो गाड़ी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और वाहन आग की चपेट में आ गया। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
शंकर नगर में होम डेकोर दुकान तक पहुंचीं लपटें
तीसरी घटना शंकर नगर इलाके में सामने आई। यहां ‘ऐड्रेस होम’ नाम की होम डेकोर दुकान की छत पर आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया।
रायपुरा में इलेक्ट्रिक व्हीकल शॉप में आग
वहीं, रायपुरा इलाके में एक इलेक्ट्रिक व्हीकल शॉप भी आग की चपेट में आ गई। दुकान के अंदर खड़े कई वाहन जलकर खाक हो गए। इस घटना में भी भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
एक ही रात कई जगह आग, जांच में जुटी पुलिस
राजधानी में एक ही रात अलग-अलग इलाकों में आगजनी की घटनाओं ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। डूमरतराई, बुढ़ापारा, शंकर नगर और रायपुरा में हुए इन हादसों में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है। फिलहाल आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है। माना, डीडी नगर, सिविल लाइन और कोतवाली थाना पुलिस अपने-अपने क्षेत्रों की घटनाओं की जांच में जुटी है।