रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। राजातालाब स्थित नूरानी चौक के पास अधिवक्ता रमीज खान पर एक युवक ने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक फजल खान ने अधिवक्ता रमीज खान पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने उनके सीने, पसली और पैर पर चाकू से वार किए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह घायल अधिवक्ता को अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
इधर अधिवक्ता पर हुए हमले से वकीलों में भारी नाराजगी देखने को मिली। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में वकील सिविल लाइन थाने पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।




