RAIPUR NEWS रायपुर। राजधानी रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक मजदूर की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। यातायात थाना के सामने स्थित एक कॉम्प्लेक्स के बाहर मजदूर का खून से लथपथ शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मृतक की पहचान नेहरू नगर निवासी प्रकाश हरिजन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस का अनुमान है कि वारदात तड़के सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज की जांच में जुटी पुलिस
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों और आसपास मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में मदद मिलेगी।
RAIPUR NEWS पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारण और हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य किसी वजह की भी जांच की जा रही है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरोपियों की तलाश जारी है।