RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश के कई जिलों में एक साथ छापेमारी की है। रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, दुर्ग, जांजगीर-चांपा और सूरजपुर में अलग-अलग कारोबारी प्रतिष्ठानों और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर IT की टीमें जांच कर रही हैं। इस कार्रवाई में बर्बरीक ग्रुप समेत कई बड़े कारोबारी समूहों के नाम सामने आ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग की कई टीमें सुबह तड़के अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचीं। शुरुआती जानकारी में करीब 50 टीमों और 100 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों के कार्रवाई में शामिल होने की बात सामने आई है। कुछ टीमों के साथ CRPF के जवान भी सुरक्षा के लिए मौजूद हैं। हालांकि, टीमों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
बर्बरीक ग्रुप के कई ठिकानों पर छापेमारी
आयकर विभाग की कार्रवाई के दायरे में बर्बरीक ग्रुप के कई ठिकाने भी शामिल हैं। रायपुर और रायगढ़ में कंपनी से जुड़े प्रतिष्ठानों पर टीमों ने दबिश दी है। ग्रुप के संचालक श्रवण अग्रवाल के रायपुर स्थित निवास पर भी जांच जारी होने की जानकारी मिली है। रायपुर के रिंग रोड, शंकर नगर और खम्हारडीह सहित अलग-अलग इलाकों में भी कार्रवाई की सूचना है। वहीं सूरजपुर में बर्बरीक ग्रुप से जुड़े घर और ऑफिस में आयकर विभाग की टीम ने सुबह करीब 6 बजे छह गाड़ियों के साथ पहुंचकर जांच शुरू की। श्याम मंदिर रोड स्थित घर और कार्यालय में दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
रायगढ़ इस्पात के ठिकाने पर भी IT की दबिश
रायगढ़ जिले में भी आयकर विभाग की टीम ने कार्रवाई की है। पूंजीपथरा क्षेत्र के देलारी में स्थित रायगढ़ इस्पात के ठिकाने पर अधिकारियों के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। कंपनी के संचालक कमल अग्रवाल बताए जा रहे हैं। टीम कंपनी से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और कारोबारी लेनदेन की जांच कर रही है। कार्रवाई के संबंध में फिलहाल विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
बिलासपुर में जयप्रकाश मित्तल के यहां छापेमारी
बिलासपुर में भी आयकर विभाग ने बड़े कारोबारी जयप्रकाश मित्तल के ठिकानों पर दबिश दी है। मित्तल को बिलासपुर संभाग के प्रमुख कारोबारियों में गिना जाता है। IT अधिकारियों की टीम तीन गाड़ियों में विद्या नगर स्थित उनके निवास पहुंची, जहां दस्तावेजों की जांच और पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा मित्तल स्टील इस्पात और स्टीलमार्ट के ठिकाने भी जांच के दायरे में हैं। व्यापार विहार स्थित फर्म और हनुमान हार्डवेयर स्टोर नाम से संचालित दुकान में भी टीम ने दबिश दी है। विद्या नगर स्थित प्रकाश पुंज आवास पर भी कार्रवाई जारी है।
कई जिलों में एक साथ कार्रवाई, वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही टीमें
सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग की इस कार्रवाई का मुख्य फोकस संभावित कर चोरी और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी जानकारी जुटाना है। अधिकारी कारोबारी प्रतिष्ठानों के आय-व्यय के रिकॉर्ड, लेनदेन, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और अन्य वित्तीय जानकारियों की जांच कर रहे हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से प्रदेश के कारोबारी जगत में हड़कंप मचा हुआ है। कई ठिकानों पर अधिकारियों की जांच अभी जारी है।
जांच के बाद हो सकते हैं बड़े खुलासे
फिलहाल आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि छापेमारी के दौरान कितनी नकदी, संपत्ति या महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। साथ ही संभावित कर चोरी की रकम को लेकर भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने और विभाग की ओर से आधिकारिक बयान जारी किए जाने के बाद ही कार्रवाई की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। फिलहाल प्रदेश के कई जिलों में कारोबारियों के ठिकानों पर IT की टीमें दस्तावेज खंगालने में जुटी हुई हैं।