RAIPUR NEWS रायपुर। शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर साइबर ठगों ने एक कारोबारी से 84 लाख 63 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली। मामले में पीड़ित की शिकायत पर देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-01, देवेंद्र नगर निवासी अविनाश लोखंडे शेयर मार्केट से जुड़ी एक ब्रोकिंग फर्म का संचालन करते हैं। जून 2025 में उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए कुछ लोगों ने संपर्क किया और खुद को निवेश सलाहकार बताते हुए शेयर ट्रेडिंग तथा आईपीओ में निवेश पर अधिक लाभ का दावा किया।
RAIPUR NEWS आरोपियों ने पहले अविनाश को एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर खाता खुलवाया और छोटे स्तर पर निवेश कराकर भरोसा जीत लिया। कुछ समय तक सामान्य ट्रेडिंग के बाद उन्होंने प्रीमियम आईपीओ कम कीमत पर उपलब्ध कराने का झांसा दिया। इसके बाद अविनाश और उनके परिचित निवेशकों से विभिन्न बैंक खातों में बड़ी रकम जमा करवाई गई।
RAIPUR NEWS शिकायत के मुताबिक अमित अग्रवाल, अशोक वर्मा, सौरभ अग्रवाल और श्याम सुंदर अग्रवाल समेत अन्य निवेशकों ने भी आईपीओ खरीदने के लिए सहमति दी। आरोपियों के कहने पर विभिन्न बैंक खातों में आरटीजीएस के माध्यम से कुल 84.63 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।
रकम जमा होने के बाद न तो किसी निवेशक को आईपीओ आवंटित किया गया और न ही उनकी राशि लौटाई गई। जब पीड़ित ने संबंधित लोगों से संपर्क करने की कोशिश की तो सभी मोबाइल नंबर बंद मिले। वहीं, जिस ट्रेडिंग एप्लीकेशन के माध्यम से निवेश कराया जा रहा था, उसने भी काम करना बंद कर दिया।
RAIPUR NEWS
ठगी का अहसास होने पर अविनाश लोखंडे ने देवेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।