महानदी भवन के पास चलती बस में अचानक लगी आग! अंदर 30+ कर्मचारी, फिर जो हुआ… कूदकर बचाई जान
RAIPUR NEWS. नया रायपुर स्थित महानदी भवन के पास बुधवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सचिवालय के कर्मचारियों को लेकर जा रही एक बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त बस में 30 से ज्यादा शासकीय कर्मचारी सवार थे, जो कार्यालय का काम खत्म करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। अचानक बस से धुआं निकलने के बाद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और कई लोगों ने बस से नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस महानदी भवन के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक बस के इंजन और पिछले हिस्से से भारी धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में धुआं बढ़ गया और देखते ही देखते आग की लपटों ने बस को अपनी चपेट में ले लिया।
धुआं फैलते ही बस में मची अफरा-तफरी
बस के अंदर मौजूद कर्मचारियों को जब तक स्थिति समझ आती, तब तक धुआं तेजी से फैल चुका था। इससे यात्रियों के लिए बस के अंदर सांस लेना मुश्किल होने लगा। आग बढ़ती देख ड्राइवर ने बस रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक लपटें तेजी से फैलने लगी थीं। अचानक हुए इस हादसे से बस में चीख-पुकार मच गई। अपनी जान बचाने के लिए कर्मचारियों ने तत्काल बस से बाहर निकलना शुरू कर दिया।
कूदकर कर्मचारियों ने बचाई जान
आग की गंभीरता को देखते हुए बस में सवार कर्मचारियों ने बिना देर किए नीचे उतरना शुरू किया। कुछ कर्मचारियों ने आपाधापी के बीच बस से छलांग लगाकर खुद को सुरक्षित किया। गनीमत रही कि समय रहते 30 से ज्यादा कर्मचारी बस से बाहर निकल गए। फिलहाल घटना में किसी कर्मचारी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है।
दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा
बस में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। फिलहाल बस में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि बस में आग लगने से पहले उसमें किसी तरह की तकनीकी खराबी के संकेत मिले थे या नहीं। प्रशासन की जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आएगी।