RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में चोरों ने एक ASI के सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए के सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात VIP सिटी सड्डू सेक्टर-6 में हुई, जहां चोरों ने ASI नागेंद्र सिंह के घर से करीब 5.85 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली।
बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान चोरों ने घर में लगे CCTV कैमरों को भी चकमा देने की कोशिश की। उन्होंने सबसे पहले कैमरे की दिशा बदलकर उसे आसमान की ओर कर दिया, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें।
सूना मकान देखकर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
ASI नागेंद्र सिंह के मकान में चोरी उस वक्त हुई, जब घर सूना था। इसी का फायदा उठाकर चोर घर के अंदर दाखिल हुए और बेडरूम समेत ऊपर बने कमरे को खंगाल डाला। चोरों ने दोनों जगह रखी आलमारियों के ताले तोड़े और उनमें रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 5.85 लाख रुपए बताई जा रही है।
पहले CCTV कैमरे की दिशा बदली
वारदात में चोरों की तैयारी भी सामने आई है। घर में लगे CCTV कैमरे की दिशा पहले आसमान की तरफ कर दी गई। इसके बाद चोरों ने घर के अंदर आलमारियों को निशाना बनाया। CCTV कैमरे की दिशा बदले जाने से पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वारदात में शामिल आरोपियों को घर और सुरक्षा व्यवस्था की पहले से जानकारी थी या नहीं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। फिलहाल आरोपी पुलिस की पहुंच से दूर है।