RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षक के खाली पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने ई और टी संवर्ग की शासकीय शालाओं में शिक्षक भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी किया है।
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1654 शिक्षक पदों को भरा जाएगा। उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के जरिए भर्ती में शामिल होना होगा। विभाग ने विषयवार रिक्त पदों की जानकारी भी जारी कर दी है।
अंग्रेजी में सबसे ज्यादा पद खाली
जारी विज्ञापन के अनुसार, सबसे ज्यादा पद अंग्रेजी विषय के लिए हैं। इसके अलावा संस्कृत, हिंदी, गणित, सामाजिक विज्ञान और कृषि विषयों में भी शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।
विषयवार पदों का विवरण:
अंग्रेजी विषय – 504 पद
संस्कृत विषय – 300 पद
हिंदी विषय – 250 पद
गणित विषय – 250 पद
सामाजिक विज्ञान – 250 पद
कृषि विषय – 100 पद
व्यापम की वेबसाइट से होगा आवेदन
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट के माध्यम से किए जाएंगे। बता दें कि छत्तीसगढ़ व्यापम का नाम बदलकर अब छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल कर दिया गया है। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण नियम, परीक्षा पैटर्न और पाठ्यक्रम से जुड़ी जानकारी अच्छी तरह जांचने की सलाह दी गई है।
25 अक्टूबर 2026 को संभावित लिखित परीक्षा
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार शिक्षक भर्ती परीक्षा की संभावित तारीख 25 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। हालांकि परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव होने पर इसकी सूचना कर्मचारी चयन मंडल की ओर से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें।