Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार, सरगना नागपुर से करता था ऑपरेट

पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे नागपुर निवासी मधुसूदन ठाकरे के संपर्क में रहकर आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाते थे।

Online Betting: महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की सांकरा थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि इस गिरोह का संचालन महाराष्ट्र के नागपुर से किया जा रहा था और इसके तार स्थानीय स्तर पर कई अन्य खाईवालों तथा सट्टा संचालकों से जुड़े हो सकते हैं।

Online Betting: पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि भगतदेवरी क्षेत्र में एक दुकान में आईपीएल क्रिकेट मैचों के दौरान रुपये-पैसों का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा खेला और खिलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर जांच शुरू की।

फोनपे से होता था लेन देन

Online Betting: जांच के दौरान आरोपी नरेश निषाद और मनोहर मांझी के मोबाइल फोन खंगाले गए। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे नागपुर निवासी मधुसूदन ठाकरे के संपर्क में रहकर आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाते थे। हार-जीत का भुगतान स्थानीय लोगों के माध्यम से कराया जाता था, जबकि कई लेन-देन फोनपे के जरिए भी किए जाते थे।

काफी बड़ा है नेटवर्क

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जब्त मोबाइल फोन की जांच में ऑनलाइन सट्टे से जुड़े चैट, ट्रांजेक्शन स्क्रीनशॉट और फोनपे के माध्यम से हजारों से लेकर लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन के प्रमाण मिलने का दावा किया है। अधिकारियों के मुताबिक, बरामद डिजिटल साक्ष्यों से यह संकेत मिले हैं कि नेटवर्क काफी बड़ा है और इसमें कई स्थानीय एजेंट एवं खाईवाल भी शामिल हो सकते हैं।

Online Betting:तीन लोगों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें नरेश निषाद, मनोहर मांझी, मधुसूदन ठाकरे शामिल हैं। इनके पास से एक लैपटॉप, 10 मोबाइल फोन, 1,500 रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड, व्हाट्सएप चैट और डिजिटल लेन-देन की गहन जांच की जा रही है। जांच में कई संदिग्ध मोबाइल नंबर और स्थानीय एजेंटों के सुराग मिले हैं।