राजधानी में पुरानी रंजिश के चलते तीन नाबालिगों ने मिलकर 18 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना माना थाना क्षेत्र की है। युवक अपने स्वजन के साथ माना स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में पूर्व में हत्या के मामले में निरुद्ध एक अपचारी से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान तीन नाबालिगों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस की मदद से तत्काल मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में ले लिया है
पुरानी बस्ती इलाके का निवासी है मृतक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सावन सेन (18) निवासी अश्विनी नगर, थाना पुरानी बस्ती के रूप में हुई है। बुधवार शाम करीब चार बजे सावन अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ माना बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचा था। यहां पूर्व में हत्या के मामले में निरुद्ध एक अपचारी से मिलने आए थे। इसी दौरान सरस्वती नगर थाना क्षेत्र की देवार बस्ती के रहने वाले तीन नाबालिगों ने सावन को निशाना बनाया और चाकू से हमला कर दिया।
तीन महीने पहले हुए हमले का बदला लेने की बात
प्रारंभिक पूछताछ में तीनों अपचारियों ने पुलिस को बताया कि करीब तीन महीने पहले पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सावन ने मुख्य अपचारी पर चाकू से हमला किया था। इसी घटना के बाद से उसके मन में रंजिश थी। वह बदला लेने के लिए मौके की तलाश में था। बुधवार को सावन के माना पहुंचने की जानकारी मिलने पर तीनों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल सावन को तत्काल उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल भेजा गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना के बाद तीनों नाबालिगों को अभिरक्षा में ले लिया।