सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली में नशामुक्ति जागरूकता अभियान के दौरान एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। बच्चों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाने पहुंचे विधायक की जुबान फिसल गई और उन्होंने शपथ के दौरान ऐसा वाक्य पढ़ दिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, जिला मुख्यालय बैढ़न स्थित राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम में सिंगरौली पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्कूलों के 200 से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक रामनिवास शाह को बच्चों को नशा न करने की शपथ दिलानी थी।
‘नशा नहीं करूंगा’ की जगह बोले ‘नशा करूंगा’
विधायक के हाथ में लिखित शपथ-पत्र था, जिसे पढ़ते हुए उन्होंने शुरुआत तो सही की, लेकिन मुख्य पंक्ति पर पहुंचते ही जुबान फिसल गई। उन्होंने “मैं जीवन में कभी नशा नहीं करूंगा” की जगह “मैं जीवन में कभी नशा करूंगा” पढ़ दिया।
विधायक की यह चूक सुनते ही कार्यक्रम में मौजूद कई छात्र-छात्राएं मुस्कुराने लगे। कुछ देर तक मंच पर मौजूद लोग भी इस गलती को समझ नहीं पाए। बाद में यह पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों के मोबाइल कैमरों में कैद हो गया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स इसे जुबान फिसलने की सामान्य गलती बता रहे हैं, जबकि कुछ लोगों ने नशामुक्ति जैसे गंभीर अभियान में ऐसी चूक पर सवाल उठाए हैं।
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।