MP Board Exam Result: मध्य प्रदेश में इस साल बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों की जांच के दौरान शिक्षकों को कई हैरान करने वाले मामले देखने को मिले। ग्वालियर के मूल्यांकन केंद्र पर 10वीं और 12वीं की करीब 2.66 लाख से ज्यादा कॉपियां जांची गईं, जिनमें से 100 से अधिक कॉपियों में छात्रों ने पास होने के लिए अजीबोगरीब अपीलें लिखीं।
MP Board Exam Result:
किसी छात्र ने पास कराने के बदले शिक्षक की शादी कराने का वादा किया, तो किसी ने फेल होने पर रिश्ता टूटने की बात लिखी। एक छात्र ने तो ब्रेकअप का डर जताते हुए पास करने की गुहार लगाई। इन संदेशों को पढ़कर शिक्षक भी हैरान रह गए और कई बार हंसी भी छूट गई।
बीमारी और पारिवारिक मजबूरी का हवाला
कई छात्रों ने कॉपियों में अपनी पारिवारिक समस्याएं लिखीं। कुछ ने बताया कि उनकी शादी तय हो चुकी है और फेल होने पर मुश्किल खड़ी हो सकती है। वहीं, 20 से ज्यादा छात्रों ने गंभीर बीमारियों का हवाला देते हुए पढ़ाई न कर पाने की बात लिखी और पास करने की अपील की।
रिश्वत और ऑफर तक दिए
MP Board Exam Result: हैरानी की बात यह रही कि कुछ छात्रों ने कॉपियों में 500 रुपये तक रख दिए। वहीं, कुछ ने मोबाइल नंबर लिखकर ऑनलाइन पैसे देने का ऑफर भी किया। कई छात्रों ने शायरी के जरिए शिक्षक को प्रभावित करने की कोशिश की।
शिक्षकों का साफ रुख
शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि वे इन भावनात्मक अपीलों या लालच को नजरअंदाज करते हैं और केवल उत्तर के आधार पर ही अंक देते हैं। मूल्यांकन पूरी तरह नियमों के अनुसार किया जाता है।
हर साल दिखता है ऐसा ट्रेंड
मूल्यांकन केंद्र के अनुसार, यह कोई नई बात नहीं है। हर साल कुछ छात्र इस तरह की कोशिश करते हैं। QR कोड सिस्टम के कारण छात्र यह नहीं जान पाते कि उनकी कॉपी किसके पास जांच के लिए जाएगी, इसलिए वे अपनी बात कॉपी में ही लिख देते हैं।
रिजल्ट का इंतजार
MP Board Exam Result:इस साल जिले में करीब 49 हजार छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे और कॉपियों की जांच तय समय में पूरी कर ली गई है। अब छात्रों को रिजल्ट का इंतजार है।




