MLA Sandeep Sahu बलौदाबाजार: जिले में यातायात पुलिस की चेकिंग कार्रवाई को लेकर गुरुवार देर रात विवाद खड़ा हो गया। ट्रैफिक पुलिस पर चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली और आम लोगों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए कसडोल विधायक संदीप साहू थाना गेट पर धरने पर बैठ गए। उनके समर्थन में बड़ी संख्या में व्यापारी, स्थानीय नागरिक और समर्थक भी मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
चेकिंग अभियान के विरोध में धरना
जानकारी के अनुसार, बलौदाबाजार यातायात पुलिस इन दिनों सड़क सुरक्षा अभियान के तहत लगातार वाहन चेकिंग कर रही है। इसी कार्रवाई को लेकर विधायक संदीप साहू ने आरोप लगाया कि पुलिस नियमों के पालन के बजाय लोगों से अवैध वसूली कर रही है और आम नागरिकों को बेवजह परेशान किया जा रहा है।
पुलिस के खिलाफ हुई नारेबाजी
विधायक के थाना पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में उनके समर्थक, व्यापारी और स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे से अधिक समय तक थाना गेट के सामने धरना जारी रहा, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और आसपास के इलाके में यातायात प्रभावित हुआ।
अधिकारियों ने की समझाइश
स्थिति को देखते हुए एसडीओपी के.के. वासनिक और थाना प्रभारी प्रवीण मिंज मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने विधायक और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
आश्वासन के बाद समाप्त हुआ धरना
पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद विधायक संदीप साहू और उनके समर्थकों ने धरना समाप्त कर दिया। पुलिस का कहना है कि लगाए गए आरोपों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।