Microsoft Server Down: दुनिया भर में उड़ानें प्रभावित, बैंकिंग और टीवी टेलिकास्ट बाधित, जानिए क्या हुआ

Microsoft Server Down: माइक्रोसॉफ्ट कॉर्प की क्लाउड सेवाओं में शुक्रवार (19 जुलाई) को तकनीकी खराबी आ गई। इसका दुनियाभर में विमान सेवाओं पर बड़ा असर हुआ।भारत समेत कई देशों में उड़ानों को रद्द करना पड़ा। वही कुछ फ्लाइट्स ने देरी से उड़ान भरी। माइक्रोसॉफ्ट ने क्लाउड सर्विस में आई इस तकनीकी गड़बड़ी की पुष्टि की है। कंपनी ने कहा है कि इस तकनीकी खराबी को दूर करने की कोशिश की जा रही है।

टीवी प्रसारण और बैंकिंग सेवाएं भी प्रभावित

शुक्रवार को माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में आई तकनीकी गड़बड़ी का असर विमान सेवाओं के साथ ही टीवी प्रसारण और बैंकिंग सेवाओं पर भी हुआ। कई कॉर्पोरेट कंपनियों का कामकाज प्रभावित हुआ। इस तकनीकी समस्या के कारण हवाई अड्डों पर चेक-इन और टिकट बुकिंग में समस्या आ रही है। इसकी वजह से उड़ानें या तो देरी से चल रही हैं या फिर कैंसल कर दी जा रही है।

भारत में ये चार एयरलाइंस हुए प्रभावित

Microsoft Server Down:  भारत में इंडिगो, स्पाइसजेट, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी चार एयरलाइंस ने बताया कि उनकी बुकिंग, चेक-इन और उड़ान अपडेट सेवाएं इस तकनीकी समस्या के कारण प्रभावित हुई हैं। सर्विसेज नहीं मिलने के कारण लोग हवाई अड्डों पर परेशान हो रहे हैं।

हैदराबाद और बेंगलुरु की कॉर्पोरेट कंपनियां प्रभावित

हैदराबाद और बेंगलुरु में कई कॉर्पोरेट कंपनियां वायरस अटैक की चपेट में आ गई हैं। सिस्टम ब्लू स्क्रीन पर आने के बाद रीस्टार्ट हो रहे हैं। कई कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि अगले 2 घंटे के लिए सिस्टम बंद रखें।

ब्रिटेन में स्काई न्यूज का प्रसारण रुका

Microsoft Server Down: माइक्रोसॉफ्ट की तकनीकी समस्या के कारण ब्रिटेन में स्काई न्यूज चैनल का प्रसारण रुक गया है। कंपनी के कार्यकारी अध्यक्ष के अनुसार, चैनल आज सुबह से लाइव प्रसारण नहीं कर पा रहा है।

ऑस्ट्रेलिया की टेलीकॉम कंपनी टेल्स्ट्रा ग्रुप प्रभावित

ऑस्ट्रेलिया की टेलीकॉम कंपनी टेल्स्ट्रा ग्रुप ने कहा कि वह भी रुकावटों का सामना कर रही है। कंपनी ने कहा, ‘हमारी कुछ प्रणालियां माइक्रोसॉफ्ट की तकनीकी समस्या से प्रभावित हैं। इस समस्या के कारण हमारे कुछ ग्राहकों को असुविधा हो रही है और हम उनके धैर्य के लिए धन्यवाद देते हैं।

Microsoft Server Down:  अकासा एयरलाइंस की सेवाएं अस्थायी रूप से बंद

अकासा एयरलाइंस भी इस आउटेज (Microsoft Server Down) से प्रभावित हुआ। एयरलाइन ने शुक्रवार को कहा कि मुंबई और दिल्ली एयरपोर्ट पर उनकी कुछ ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। एयरलाइंस ने कहा,’ हमारी कुछ ऑनलाइन सेवाएं, जिनमें बुकिंग और चेक-इन सेवाएं शामिल हैं, अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं होंगी।’

You may have missed