MEERUT NEWS. उत्तर प्रदेश के मेरठ में पति-पत्नी के विवाद का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक महिला कार के बोनट पर लेटी नजर आ रही है, जबकि कार चालक कथित तौर पर गाड़ी को तेज रफ्तार में दौड़ाता दिखाई दे रहा है। इस दौरान महिला सड़क पर मौजूद लोगों से लगातार “भैया बचाओ” की गुहार लगाती नजर आती है। मामले में पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर उसके पति मयंक और कार में मौजूद एक अन्य महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया है।
पति को दूसरी महिला के साथ देखकर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, घटना शनिवार को लोहिया नगर थाना क्षेत्र में हापुड़ रोड स्थित एल-ब्लॉक चौकी के पास हुई। काजीपुर निवासी महिला ने शिकायत में बताया कि उसने अपने पति मयंक को एक अन्य महिला के साथ कार में देखा था। दोनों को रोकने के बाद पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। महिला का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद उसके पति ने कथित तौर पर उस पर कार चढ़ाने की कोशिश की। इसी दौरान महिला कार के बोनट पर आ गई, लेकिन आरोपी ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे कथित तौर पर तेज रफ्तार में दौड़ा दिया।
करीब 3 किलोमीटर तक दौड़ती रही कार?
वायरल वीडियो में महिला कार के बोनट पर दिखाई दे रही है। वह अपनी जान बचाने के लिए सड़क से गुजर रहे लोगों से मदद मांगती नजर आती है। दावा किया जा रहा है कि कार कुछ दूरी तक इसी तरह चलती रही और आसपास मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। बाद में राहगीरों की मदद से काशीराम कॉलोनी के पास कार को रुकवाया गया। महिला ने आरोप लगाया कि कार रुकने के बाद भी उसके साथ कथित तौर पर अभद्रता की गई।
महिला ने गला दबाने का भी लगाया आरोप
शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके पति और उसके साथ मौजूद महिला ने उसे झाड़ियों में गिरा दिया और उसका गला दबाने की कोशिश की। इसके अलावा उसके साथ गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर लोहिया नगर थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 352 के तहत मामला दर्ज किया है।
पति और दूसरी महिला गिरफ्तार
पुलिस क्षेत्राधिकारी संग्राम सिंह के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल कार को भी कब्जे में लिया गया है। दोनों आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा सामने आया है। वायरल वीडियो और महिला की शिकायत के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।