रायपुर से दिल्ली-हरिद्वार तक फैला था नेटवर्क, फर्जी पहचान के सहारे महिलाओं को बनाता था निशाना
रायपुर में ऑनलाइन मैट्रिमोनी साइट के जरिए महिलाओं को निशाना बनाने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने ऐसे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो पहले शादी और प्यार का झांसा देकर महिलाओं का भरोसा जीतते थे, फिर नशीला पदार्थ खिलाकर उनके घरों से सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो जाते थे।
मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है, जहां की एक महिला की पहचान करीब चार महीने पहले Jeevansathi.com के माध्यम से अभिनव सिंह नामक व्यक्ति से हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही और आरोपी ने महिला का भरोसा जीत लिया।
15 मई 2026 को आरोपी ने महिला को फोन कर उसके जन्मदिन की पार्टी मनाने के बहाने घर आने की बात कही। दोपहर में वह महिला के घर पहुंचा और दोनों ने साथ में भोजन किया। आरोप है कि भोजन के दौरान आरोपी ने खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया, जिससे महिला बेहोश हो गई।

जब अगले दिन महिला को होश आया तो उसके गले में पहनी सोने की चेन, सोने की अंगूठियां और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। आरोपी भी मौके से फरार हो चुका था। इसके बाद पीड़िता ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी जांच, मोबाइल नंबरों के विश्लेषण और ऑनलाइन प्रोफाइल की पड़ताल के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।
जांच के दौरान पहले आरोपी हितिन नरूला को उत्तराखंड के हरिद्वार से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर मुख्य आरोपी अभिनव सिंह को दिल्ली के पहाड़गंज क्षेत्र से पकड़ा गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात के दिन दोनों आरोपी रायपुर आए थे। अभिनव सिंह महिला के घर गया, जबकि उसका साथी हितिन नरूला रेलवे स्टेशन पर इंतजार करता रहा। महिला को बेहोश करने और जेवरात चोरी करने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी अभिनव सिंह फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड का उपयोग करता था। पुलिस के अनुसार उसने पिछले एक महीने में Jeevansathi.com के माध्यम से लगभग 100 महिलाओं से संपर्क किया था। आशंका है कि देश के कई राज्यों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया गया है, जिसकी जांच जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 57 हजार रुपये नकद, करीब दो तोला सोने के जेवरात, एक चांदी का ब्रेसलेट और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 4.21 लाख रुपये बताई गई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी पहले भी धोखाधड़ी, चोरी और वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य संभावित पीड़ितों और गिरोह के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
रायपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी महिला के साथ इस प्रकार की घटना हुई हो तो वह पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 94791-91099 पर संपर्क कर सकती है।




