बिहार की राजधानी पटना में एक पति ने अपनी पत्नी की बेवफाई का पता लगाने के लिए गजब किया। इस शख्स ने पत्नी की चप्पल में जीपीएस लगा दिया और फिर एक दिन उसे उसके प्रेमी के साथ रंगेहाथ धर दबोचा। बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला पटना से सटे फुलवारीशरीफ का है। यहां के एकता नगर में अपनी पत्नी के साथ रहने वाले एक शख्स को यह शक था कि उसकी पत्नी बेवफा है। पत्नी की बेवफाई का पता लगाने के लिए उसने उसकी चप्पल में जीपीएस ट्रैकर लगा दिया। जीपीएस ट्रैकर लगाने के बाद पति अपनी पत्नी के हर मूवमेंट पर नजर रखने लगा।
चप्पल में लगे जीपीएस ट्रैकर के बारे में पत्नी को जरा भी भनक नहीं थी। इधऱ पहले से ही अपनी पत्नी की गतिविधियों पर संदेह रखने वाला पति इस बात पर नजर रखता था कि उसकी पत्नी कहां जाती है। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को जब पत्नी घर से बाहर निकली तब उस दिन भी पति उसका लोकेशन ट्रेस कर रहा था।
कुछ समय बाद पत्नी का लोकेशन किसी संदिग्ध स्थान पर होने का पता पति को चला। पत्नी की चप्पल में लगे जीपीएस ट्रैकर के जरिए लोकेशन पता चलने के बाद पति खुद उस जगह पर जा पहुंचा। यहां पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ रंगेहाथों धर लिया। कहा जा रहा है कि पत्नी और प्रेमी को एक साथ देख कर पति ने वहीं पर हंगामा शुरू कर दिया। जिसके बाद आसपास के लोग भी वहां जमा हो गए।
हंगामा बढ़ता औऱ मामले को तूल पकड़ता देख तीनों को थाने लाया गया। कुछ मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि फुलवारीशरीफ के थाना प्रभारी शाहनवाज आलम ने इस घटना पर कहा कि सूचना मिलने पर फुलवारी शरीफ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। थाने में भी दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। जिससे स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बनी रही।
मीडिया रिपोर्ट में यह भी बताया जा रहा है कि पत्नी को प्रेमी संग पकड़ने के बाद तमतमाए पति ने गुस्से में आकर प्रेमी से धक्का-मुक्की और हाथापाई भी की। थाने में भी पति-पत्नी और प्रेमी का यह ड्रामा कुछ देर तक चलता रहा। हालांकि, किसी भी पक्ष की तरफ से पुलिस को लिखित आवेदन देकर शिकायत नहीं दर्ज करवाई गई है। लिहाजा तीनों के बीच समझौता होने के बाद पुलिस ने सभी को छोड़ दिया है।




