New Army Chief: ले. जनरल उपेंद्र द्विवेदी होंगे नए सेना प्रमुख, 30 जून को सेवानिवृत होंगे जनरल मनोज पांडे
New Army Chief: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीसरी बार सरकार बनते ही लंबित नियुक्तियों को हरी झंडी देने का काम शुरू हो गया है। केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी को 30 जून की दोपहर से अगले सेना प्रमुख के रूप में नियुक्त कर दिया है। परम विशिष्ट सेवा मेडल (पीवीएसएम) और अति विशिष्ट सेवा मेडल (एवीएसएम) और तीन जीओसी-इन-सी प्रशस्ति पत्र से सम्मानित लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी ने लंबे समय तक जम्मू-कश्मीर में सेवाएं दी हैं। सेनाध्यक्ष जनरल मनोज सी पांडे 30 जून को सेवानिवृत हो रहे हैं। केंद्र सरकार ने 25 मई को छठवें चरण के चुनाव के बाद 26 मई को थल सेना प्रमुख जनरल पांडे को आर्मी रूल्स, 1954 के नियम 16 ए (4) के तहत एक महीने का सेवा विस्तार दिया था। इस वजह से वह 30 जून तक पद पर बने हुए हैं। इससे पहले वे 31 मई को रिटायर होने वाले थे।
