KUSHINAGAR NEWS. उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से निजी स्कूल में महिला टीचर के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक व्यवहार का मामला सामने आया है। स्कूल मैनेजर पर महिला शिक्षिका से अशोभनीय बातें करने और उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने के आरोप लगे हैं। मामले से जुड़ा करीब 5 मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी मैनेजर दिनेश राय को गिरफ्तार कर लिया है। मामला रवींद्रनगर धूस थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की गई। आरोपी दिनेश राय मोतीछपरा का रहने वाला है और द रैंबो लोरेटो अकादमी नाम से निजी स्कूल चलाता है।
वायरल वीडियो में महिला टीचर से बातचीत
वायरल वीडियो में स्कूल मैनेजर और महिला टीचर के बीच बातचीत दिखाई दे रही है। वीडियो में महिला टीचर कथित तौर पर मैनेजर से आपत्तिजनक व्यवहार नहीं करने की बात कहती नजर आती है। वह उसे यह भी कहती सुनाई देती है कि अगर उसकी पत्नी की तबीयत ठीक नहीं है तो वह उसके पास जाए। आरोप है कि इसके बावजूद मैनेजर महिला टीचर पर दबाव बनाता रहा। महिला शिक्षिका बातचीत के दौरान कई बार उसे छूने से मना करती दिखाई देती है।
‘मैं आपकी बेटी जैसी हूं’ कहने के बाद भी नहीं माना
वीडियो में महिला टीचर आरोपी से यह भी कहती सुनाई देती है कि वह उसकी बेटी जैसी है। आरोप है कि इसके बावजूद मैनेजर ने कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करना जारी रखा। वीडियो में स्कूल के अंदर ही ऐसी हरकत करने की बात भी सामने आती है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर मामले को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
सोशल मीडिया पोस्ट के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में स्कूल मैनेजर पर महिला टीचर के साथ कथित यौन उत्पीड़न और धमकी के आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू की। इसके बाद रवींद्रनगर धूस थाने में आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 75, 115(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी मैनेजर को किया गिरफ्तार
FIR दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी दिनेश राय को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की कार्रवाई एसएचओ अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में सब-इंस्पेक्टर विनायक यादव और कांस्टेबल पंकज सिंह भी शामिल रहे।