KONDAGAON NEWS. छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के आरोप में पुलिस ने धमतरी निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मेहताब खान के रूप में हुई है। 25 वर्षीय युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
तीन साल से थी दोनों की पहचान
पुलिस में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, युवती सिटी कोतवाली कोंडागांव क्षेत्र की रहने वाली है। उसकी पहचान मेहताब खान से पिछले करीब तीन वर्षों से थी। युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया था।
शिकायत के अनुसार, 21 नवंबर 2023 को आरोपी ने युवती को कोंडागांव के गुरु लॉज में बुलाया, जहां उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद सितंबर 2026 तक शादी का भरोसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा।
शादी की बात आई तो आरोपी ने किया इनकार
युवती का आरोप है कि जब उसने मेहताब खान से शादी करने के लिए कहा तो उसने साफ इनकार कर दिया। पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि आरोपी को उसकी जाति की जानकारी थी, इसके बावजूद उसने शादी का झांसा देकर उसका शोषण किया।
शिकायत के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
युवती ने 24 नवंबर को अनुसूचित जाति-जनजाति पुलिस थाना (अजाक थाना), कोंडागांव में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बीएनएस की धारा 69 और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(V) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने धमतरी निवासी आरोपी मेहताब खान को 25 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।