छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। पांडातराई क्षेत्र में दो नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले दोनों के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर घर में लूटपाट कर लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने देशी झारिया और उनकी पत्नी जलबाई झारिया को अपना निशाना बनाया। घर में घुसे दोनों आरोपियों ने बुजुर्ग दंपती के साथ मारपीट की और कीमती सामान लूट लिया। लूटे गए सामान में करीब 50 तोला चांदी की करधन, 10 तोला चांदी की चेन और सोने के झुमके शामिल हैं।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों नकाबपोश बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, बुजुर्ग दंपती पर हुए हमले और बड़ी लूट की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस और साइबर टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक इस वारदात का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ पाती है।