होटल में युवक को जंजीर से बांधकर पीटा, कपड़े उतारकर बनाया वीडियो! 2 लड़कियों समेत कई पर केस
KANPUR NEWS: फीलखाना क्षेत्र के माल रोड चौराहे पर स्थित एक होटल में युवक के साथ कथित तौर पर बर्बरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लड़कियों ने अपने साथी रोशन और कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर राहुल गुप्ता नाम के युवक को जंजीर से बांध दिया और उसके कपड़े उतारकर मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाए जाने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि युवक के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को कथित तौर पर आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया।
जंजीर से बांधकर मारपीट का आरोप
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक के हाथ-पैर जंजीर से बंधे नजर आ रहे हैं। आरोप है कि एक युवती उसके बाल खींच रही थी, जबकि दूसरी उसके साथ मारपीट कर रही थी।पीड़ित के शरीर पर चोट के निशान भी बताए जा रहे हैं। उसकी पीठ पर बेल्ट से पिटाई के निशान मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने युवक का मेडिकल परीक्षण कराया है।
चार-पांच अज्ञात लोगों पर भी केस
थाना प्रभारी रीता सिंह के मुताबिक, राहुल गुप्ता की शिकायत के आधार पर दो लड़कियों, रोशन और चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
होटल सुपरवाइजर ने बताई अलग कहानी
मामले में होटल के सुपरवाइजर पटेल का बयान भी सामने आया है। उसका दावा है कि राहुल बाहर घूम रहा था और बाद में अचानक होटल के अंदर आकर हंगामा करने लगा। सुपरवाइजर के मुताबिक, युवक पर लड़कियों के साथ छेड़खानी करने का आरोप था, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। हालांकि पुलिस की ओर से छेड़खानी के इस दावे को स्वीकार नहीं किया गया है। पुलिस फिलहाल युवक की शिकायत के आधार पर दर्ज मामले की जांच कर रही है।
पहले भी विवादों में रहा है होटल
बताया जा रहा है कि जिस होटल में यह घटना हुई, वह पहले भी विवादों में रह चुका है। करीब तीन साल पहले कानपुर के तत्कालीन आईपीएस अधिकारी आकाश की अगुवाई में यहां छापेमारी की गई थी। उस दौरान सेक्स रैकेट चलाए जाने के आरोप में कई युवक-युवतियों को पकड़े जाने की बात सामने आई थी।