KABIRDHAM NEWS. कवर्धा जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के हथमुड़ी गांव में एक प्रेमी युगल की मौत का मामला सामने आया है। दोनों के शव गांव के पास खेत में एक पेड़ से फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतकों की पहचान छोटू चंद्रवंशी और ज्योति चंद्रवंशी के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक छोटू चंद्रवंशी शादीशुदा था, जबकि ज्योति अविवाहित थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है।
खेत के पेड़ पर मिले दोनों के शव
बताया जा रहा है कि हथमुड़ी गांव के खेत में ग्रामीणों ने दोनों को पेड़ से लटका देखा। इसके बाद गांव में सूचना फैल गई और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल दोनों की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शवों के पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों आखिरी बार कब और किसके साथ थे। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।