जिला जेल में दुष्कर्म के आरोपी ने लगाई फांसी, एक दिन पहले ही भेजा गया था न्यायिक रिमांड पर
JANJGIR CHAMPA NEWS: जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले स्थित जिला जेल खोखरा में एक विचाराधीन बंदी द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक दुष्कर्म और नाबालिग के अपहरण के मामले में गिरफ्तार किया गया था और घटना से एक दिन पहले ही उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था। जेल परिसर के भीतर हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
नाबालिग से जुड़े मामले में हुआ था गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय दुवास केवट, निवासी जवाली थाना बाकीमोंगरा जिला कोरबा, को बलौदा पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने पीड़िता को बरामद कर आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल खोखरा भेजा गया था।
जेल के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला
बताया जा रहा है कि जेल पहुंचने के अगले ही दिन आरोपी ने बाथरूम में कपड़े के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक के परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया। जिला मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद जेल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जिला जेल जैसे उच्च सुरक्षा वाले परिसर में, जहां बंदियों की नियमित निगरानी की जाती है और कई हिस्से सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहते हैं, वहां एक बंदी द्वारा आत्महत्या कर लेना गंभीर चिंता का विषय माना जा रहा है।यह भी सवाल उठ रहे हैं कि आरोपी ने आत्मघाती कदम कब और कैसे उठाया तथा इतनी देर तक इसकी जानकारी किसी को क्यों नहीं मिली।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
गौरतलब है कि जिला जेल खोखरा में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी एक बंदी द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आ चुका है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद जेल प्रशासन की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।