JANJGIR CHAMPA NEWS. जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत डोंगा-कोहरोद शासकीय प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक भुवनेश्वर कौशिक पर गंभीर आरोप लगने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। अभिभावकों और ग्रामीणों ने हेडमास्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस और शिक्षा विभाग से शिकायत की है।
ग्रामीणों और अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल समय के दौरान प्रधान पाठक अपने कक्ष में केवल टी-शर्ट और अंडरवियर में बैठे थे। यह भी आरोप लगाया गया है कि वे बच्चों के सामने अशोभनीय हरकत करते थे और मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो देखते थे। बच्चों ने घर पहुंचकर पूरी घटना अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक स्कूल पहुंच गए।
अभिभावकों का दावा है कि जब वे स्कूल पहुंचे, तब प्रधान पाठक कथित रूप से जल्दबाजी में पैंट पहनते नजर आए। ग्रामीणों ने इस दौरान का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करने का दावा किया है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ। इसके बाद ग्रामीण और अभिभावक पामगढ़ थाना पहुंचे तथा प्रधान पाठक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच, तत्काल निलंबन और आरोप सही पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग भी की है।
सूचना मिलने पर पुलिस प्रधान पाठक भुवनेश्वर कौशिक को पूछताछ के लिए पामगढ़ थाना लेकर पहुंची। फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। हालांकि, हेडमास्टर पर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।