JANJGIR CHAMPA NEWS. लगातार हो रहे हादसों के बाद आखिरकार प्रशासन ने जांजगीर-चांपा के चर्चित देवरी पिकनिक स्पॉट को बंद करने का बड़ा फैसला लिया है। दो दिन पहले हसदेव नदी में डूबने से तीन छात्रों की मौत के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया। बताया जा रहा है कि इस पिकनिक स्पॉट पर अब तक 22 लोगों की जान जा चुकी है। हादसों को देखते हुए प्रशासन ने देवरी पिकनिक स्पॉट पर बेरिकेडिंग कर दी है और चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल यहां आवाजाही और पिकनिक मनाने पर रोक लगा दी गई है।
तेज बहाव और पथरीला इलाका बना जानलेवा
देवरी पिकनिक स्पॉट के पास हसदेव नदी का बहाव काफी तेज है। नदी का क्षेत्र पथरीला होने के कारण यहां नहाने या पानी में उतरने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ जाता है। तेज बहाव में बहने के दौरान लोग चट्टानों से टकराकर घायल हो जाते हैं और कई बार हादसा जानलेवा साबित होता है। स्थानीय स्तर पर यह भी बताया जाता है कि नदी के पथरीले हिस्से में कुछ जगहों पर सुरंग जैसी संरचना बनी हुई है। पानी के तेज बहाव के बीच इसमें फंसना भी लोगों के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है।
अब तक 22 लोगों की मौत
लगातार हादसों के चलते देवरी पिकनिक स्पॉट अब लोगों के बीच एक सुरक्षित पर्यटन स्थल के बजाय ‘मौत का स्पॉट’ बनता जा रहा था। यहां होने वाली मौतों का आंकड़ा भी इसकी गंभीरता को दिखाता है। अब तक 22 लोगों की जान जाने के बाद प्रशासन पर सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने का दबाव बढ़ गया था। दो दिन पहले तीन छात्रों की मौत की घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। इसके बाद प्रशासन ने पिकनिक स्पॉट को बंद करने का फैसला लिया।
बेरिकेडिंग के साथ चेतावनी बोर्ड लगाए
प्रशासन ने हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मौके पर बेरिकेडिंग की है। साथ ही लोगों को खतरे से आगाह करने के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए प्रशासन का यह फैसला अहम माना जा रहा है। देवरी पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने और भविष्य में लोगों की जान जोखिम में न पड़े, इसके लिए सख्ती बरतने की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी।